ग़ाज़ीपुर, उत्तर प्रदेश।
ग़ाज़ीपुर जनपद के दिलदारनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में रक्साहा गांव निवासी शिव विलास राजभर (उम्र 50 वर्ष) की मौत हो गई। वह साइकिल से दिलदारनगर बाजार से अपने घर लौट रहे थे, तभी एक अज्ञात तेज़ रफ्तार वाहन ने उन्हें क्रिसेंट कॉन्वेंट स्कूल के पास टक्कर मार दी।
हादसा शाम करीब 7:00 बजे हुआ। मृतक शिव विलास राजभर, पिता स्वर्गीय शिव परसन राजभर, रक्साहा गांव के मूल निवासी थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक अपने पीछे पत्नी और बच्चों को छोड़ गए हैं, जिन पर अब दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
यह हादसा एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में ट्रैफिक नियंत्रण और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।