Spread the love

आरा (बिहार)। बिहार के आरा जिले के समीप जमीरा हाल्ट के पास सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब तस्करों ने सीमांचल एक्सप्रेस में सवार RPF एस्कॉर्ट टीम पर फायरिंग कर दी। इस घटना में सभी RPF कर्मी बाल-बाल बच गए। अचानक हुई गोलीबारी से ट्रेन में सवार यात्रियों और रेल कर्मियों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल कायम हो गया।
जानकारी के अनुसार, 12488 सीमांचल एक्सप्रेस आनंद विहार (दिल्ली) से जोगबनी जा रही थी। ट्रेन की एक बोगी में शराब तस्कर भारी मात्रा में शराब लेकर यूपी से बिहार जा रहे थे। दानापुर मंडल की RPF एस्कॉर्ट टीम ट्रेन को दिलदारनगर रेलवे स्टेशन से एस्कॉर्ट करते हुए आगे बढ़ रही थी।
जैसे ही ट्रेन जमीरा हाल्ट के पास पहुंची, शराब तस्करों ने अचानक चेन पुलिंग कर दी। ट्रेन रुकते ही एस्कॉर्ट पार्टी के जवान मौके पर पहुंचे। जवानों ने बोगी का गेट खोलकर जब टॉर्च जलाया तो अंदर करीब एक दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाश मौजूद थे, जिनके हाथों में असलहे थे।
RPF जवानों द्वारा पकड़ने की कोशिश किए जाने पर तस्कर नीचे उतरकर झाड़ियों में छिप गए और जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। RPF कर्मियों ने सूझबूझ और सतर्कता दिखाते हुए मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। इसी बीच अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना RPF एस्कॉर्ट टीम ने तत्काल दानापुर मंडल के कंट्रोल रूम और रेल अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। RPF द्वारा अज्ञात शराब तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि करीब 5 से 6 राउंड फायरिंग की गई। रेलवे ट्रैक के पास से तीन खोखे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस और RPF की संयुक्त टीम मामले की जांच में जुट गई है।
इस घटना ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं—
शराब तस्करों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए कि उन्होंने RPF कर्मियों पर फायरिंग कर दी?
शराब की खेप कहां से लाई गई थी?
किस स्टेशन से सीमांचल एक्सप्रेस में शराब चढ़ाई गई?
फिलहाल जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।