Spread the love

ग़ाज़ीपुर जनपद भदौरा ब्लॉक के मगरखाई गांव में शनिवार को इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) कानपुर–बरौनी, मुगलसराय पाइपलाइन प्रबंधन द्वारा पाइपलाइन सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को पेट्रोलियम पाइपलाइन की सुरक्षा, सतर्कता और आपात स्थिति में आवश्यक कदमों की जानकारी देना रहा।

मॉक ड्रिल के दौरान नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से ग्रामीणों को समझाया गया कि यदि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो जाए या किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत क्या कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। कर्मनाशा नदी किनारे आयोजित इस अभ्यास में यह भी बताया गया कि ऐसी किसी भी स्थिति में इंडियन ऑयल की हेल्पलाइन, सुरक्षा गार्ड या ग्राम प्रधान को तत्काल सूचना देना अत्यंत आवश्यक है।

इंडियन ऑयल के अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन सुरक्षा के प्रति ग्रामीणों को सजग और जागरूक करने के लिए इस तरह के अभियान निरंतर चलाए जाएंगे। कार्यक्रम में इंडियन ऑयल कंपनी के ऑपरेशन मैनेजर अवधेश मौर्या, मैनेजर सर्वेश कुमार, मैनेजमेंट व सीनियर ऑपरेशन अधिकारी प्रियांशु सिंह, अनंत कुमार, संतोष कुमार सिंह उपस्थित रहे।

इसके साथ ही कार्यक्रम में सीओ जमानियां अनिल कुमार, प्रभारी निरीक्षक गहमर दीनदयाल पांडेय, चौकी प्रभारी बारा राकेश कुमार शर्मा की मौजूदगी रही। मॉक ड्रिल में इंडियन ऑयल के अलावा फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी सक्रिय सहभागिता की।

— नुमान बाबर खान