Spread the love

दिलदारनगर (गाजीपुर)।
पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) दिलदारनगर एवं जीआरपी दिलदारनगर की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। चेकिंग के दौरान ट्रेन संख्या 22971 DN से कुल 41.64 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब व बीयर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 18 हजार रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 23 दिसंबर 2025 को मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई थी कि उक्त ट्रेन के आगे जनरेटर कार के नीचे तथा स्लीपर कोच के शौचालय में भारी मात्रा में शराब छिपाकर ले जाई जा रही है, जिसे बिहार राज्य में उतारने की योजना है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा नियंत्रण कक्ष दानापुर से विशेष ठहराव प्राप्त कर ट्रेन को दिलदारनगर स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 02 पर रात 23:42 बजे रोका गया।

इसके बाद RPF और GRP की संयुक्त टीम ने ट्रेन की गहन जांच की, जिसमें जनरेटर कार के नीचे तथा कोच संख्या S-3 से अवैध शराब बरामद हुई। मौके पर किसी भी व्यक्ति ने शराब पर मालिकाना हक नहीं जताया और कोई संदिग्ध व्यक्ति भी नहीं मिला। BNSS के प्रावधानों के तहत निरीक्षक प्रभारी दिलदारनगर द्वारा रात 00:30 बजे जप्ती सूची बनाकर शराब को जब्त कर लिया गया।

जब्त शराब का विवरण

8PM अंग्रेजी शराब (180 एमएल) – 48 टेट्रा पैक, कुल 8.64 लीटर, कीमत ₹5,760

किंगफिशर बीयर (500 एमएल) – 48 कैन, कुल 24 लीटर, कीमत ₹6,720

8PM अंग्रेजी शराब (750 एमएल) – 12 बोतल, कुल 9 लीटर, कीमत ₹5,520

कुल मिलाकर 41.64 लीटर शराब, जिसकी कीमत ₹18,000 आंकी गई है।

इस अभियान में नि.प्र. गणेश सिंह राणा, उ.नि. नवीन कुमार, स.उ.नि. ऋषिकेश शर्मा, आ. अंजनी कुमार गुप्ता एवं आ. सचिन कुमार पटेल (सभी RPF पोस्ट दिलदारनगर) शामिल रहे।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि ट्रेन से शराब ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित है और यह ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण यात्रियों की जान-माल के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। आवश्यक कार्रवाई के बाद बरामद लावारिस शराब को लिखित शिकायत के साथ जीआरपी दिलदारनगर को सौंप दिया गया, जहां इसे लावारिस में दाखिल किया गया।
चेकिंग के दौरान ट्रेन रात 23:46 से 00:01 बजे तक दिलदारनगर स्टेशन पर खड़ी रही। मामले की प्रगति रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।

संवाददाता : प्रधान शिष्य अजय