गाजीपुर | गहमर
गहमर तिहरा हत्याकांड की आधिकारिक पुष्टि हो गई है। 24/25 दिसंबर की रात हुई इस सनसनीखेज घटना में तीसरे युवक अंकित सिंह का शव भी उसी पोखरी से बरामद कर लिया गया है, जहां पहले विक्की सिंह और सौरभ सिंह के शव मिले थे।
पुलिस के अनुसार, एफआईआर में दर्ज विवरण के मुताबिक तीनों युवक जन्मदिन पार्टी से लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के ही दो गुटों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। झड़प के बाद तीनों युवकों की हत्या कर उनके शव पोखरी में फेंक दिए गए।
तीसरे शव की तलाश में पांच दिन तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें, ड्रोन से स्कैनिंग और करीब 10 बीघा पोखरी का पानी निकलवाने के बाद अंकित सिंह का शव बरामद किया जा सका।
पूरी कार्रवाई एसपी डॉ. ईरज राजा और एएसपी अतुल सोनकर की निगरानी में की गई। पुलिस अब आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है। मामले में एक दर्जन से अधिक लोगों को अभियुक्त बनाया गया है, जिनमें मुख्य आरोपी ओम सिंह सहित चार लोग हिरासत में हैं, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गहमर तिहरा हत्याकांड से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस लगातार दबिश देकर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
संवाददाता: प्रधान शिष्य अजय

