ग़ाज़ीपुर। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील जखनियां में जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में तहसील सभागार में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ, जहां कुल 160 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 07 का मौके पर निस्तारण किया गया।
जनपद की सातों तहसीलों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 405 शिकायत/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 38 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।

तहसीलवार विवरण इस प्रकार है—
तहसील सदर में 40 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 03 का निस्तारण किया गया।
तहसील मुहम्मदाबाद में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 62 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 11 का मौके पर निस्तारण किया गया।
तहसील जमानियां में 58 शिकायतें आईं, जिनमें 06 का निस्तारण हुआ।
तहसील कासिमाबाद में 31 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 05 का निस्तारण किया गया।
तहसील सैदपुर में 25 शिकायतें आईं, जिनमें से 03 का निस्तारण किया गया।
तहसील सेवराई में तहसीलदार की अध्यक्षता में 29 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 03 का निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने समाधान दिवस के दौरान आम जनमानस की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और कुछ मामलों का निस्तारण मौके पर ही कराया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जमीनी एवं आपसी विवादों के मामलों में आपसी समन्वय स्थापित कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही तहसील के सभी लेखपालों को निर्देश दिया गया कि शिकायतकर्ताओं की छोटी-छोटी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए और किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, उपजिलाधिकारी जखनियां, तहसीलदार जखनियां, क्षेत्राधिकारी जखनियां सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रधान शिष्य अजय

