
गाजीपुर।
मिश्रवलिया गांव स्थित एक निजी तालाब में विशालकाय अजगर दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची वन विभाग और पुलिस की टीम अजगर को पकड़ने के प्रयास में जुट गई। अजगर को बाहर निकालने के लिए तालाब से पानी निकाला जा रहा है।
घटना बृहस्पतिवार सुबह की है। मिश्रवलिया गांव निवासी धर्मेंद्र कुशवाहा के पुत्र बॉबी कुशवाहा अपने तालाब पर टहलने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर तालाब के किनारे मौजूद एक विशालकाय अजगर पर पड़ी। बॉबी ने तुरंत अजगर की तस्वीर खींची और गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी।
कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास जमा हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल गहमर कोतवाली पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अजगर तालाब के अंदर चला गया था, जिससे उसे पकड़ना मुश्किल हो गया।
काफी मशक्कत के बाद भी अजगर को बाहर नहीं निकाला जा सका। इसके बाद वन विभाग की टीम ने तालाब से पानी निकालने का निर्णय लिया। दो मोटर पंप लगाकर लगातार पानी निकाला जा रहा है, ताकि अजगर को बाहर लाकर सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।
इस संबंध में क्षेत्रीय वनाधिकारी जे.एस.पी. वर्मा ने बताया कि तालाब में विशालकाय सांप होने की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और अजगर को सुरक्षित निकालने के लिए तालाब का पानी निकाला जा रहा है।
ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग तालाब के आसपास जाने से बच रहे हैं। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौके पर भीड़ न लगाएं और प्रशासन का सहयोग करें।
संवाददाता : नुमान बाबर ख़ान

