
गाज़ीपुर दिलदारनगर पुलिस अधीक्षक गाज़ीपुर के निर्देश पर अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दिलदारनगर पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक सक्रिय बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई कुल नौ मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।इस मामले की जानकारी पुलिस क्षेत्राधिकारी जमानिया अनिल कुमार ने दिलदारनगर थाना परिसर में मीडिया को दी। उन्होंने बताया कि प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने खेसारी उर्फ शहबाज अहमद (19 वर्ष), निवासी पियजुआ, थाना नगसर हाल्ट को एक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों दीपक कुमार (19 वर्ष) और उत्तम यादव (18 वर्ष) के नाम बताए।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने काशीराम आवास, रकसहां परिसर स्थित एक खंडहर में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई कुल नौ मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे चोरी की मोटरसाइकिलों को बिहार के रामगढ़ क्षेत्र में बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस के अनुसार बरामद की गई मोटरसाइकिलें दिलदारनगर, गहमर, कासिमाबाद, रेवतीपुर और नगसर हाल्ट थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं।इस संबंध में दिलदारनगर थाने में मुकदमा संख्या 249/2025 के तहत बीएनएस की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी और बरामदगी की इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


