गाजीपुर जिले के भदौरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा पलिया में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा हाल ही में निर्मित सड़क निर्माण पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सड़क बनने के महज एक दिन बाद ही उखड़ने लगी, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर ग्रामीणों में आक्रोश है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की गिट्टी हाथ से ही निकल जा रही है और नीचे की परत साफ दिखाई देने लगी है। ग्रामीणों के अनुसार निर्माण कार्य में तय मानकों की अनदेखी की गई है। उनका कहना है कि निर्धारित मोटाई में सामग्री बिछाने के बजाय सतह पर ही गिट्टी डालकर जल्दबाजी में रोलिंग कर दी गई।
ग्रामवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार द्वारा कार्य को जल्दी पूरा करने के चक्कर में गुणवत्ता से समझौता किया गया, जिससे सड़क की मजबूती प्रभावित हुई है। साथ ही सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका भी जताई जा रही है।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने तहसील सेवराई व जिला प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले समय में आवागमन की समस्या गंभीर हो सकती है।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी सेवराई, संजय यादव ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य की जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता: नुमान बाबर ख़ान


