संदीप कुमार
दिलदार नगर। सनबीम विद्यालय दिलदार नगर में स्पीक मैके और विद्यालय प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय पारंपरिक बांसुरी वादन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक संध्या में बी.एच.यू. के सहायक प्रोफेसर और प्रसिद्ध बांसुरी कलाकार डॉ. राकेश कुमार ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री लोकेश सिंह (एस.डी.एम., सेवराई, गाजीपुर) एवं उनकी धर्मपत्नी इंदू सिंह, विद्यालय के चेयरमैन श्री के. पी. सिंह निदेशक नवीन कुमार सिंह एवं श्री प्रवीण कुमार सिंह, तथा अतिथि कलाकार डॉ. राकेश कुमार के द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।

बांसुरी की सुर लहरियों से सजी शाम
कार्यक्रम में छात्रों ने बांसुरी वादन की बारीकियों को न केवल देखा बल्कि सीखा भी। कलाकारों ने मंच पर अपने विशेष कौशल के साथ पारंपरिक बांसुरी के सुरों को प्रस्तुत किया, जिससे संपूर्ण माहौल संगीतमय और भावपूर्ण हो गया। श्रोताओं ने बांसुरी की मधुर तान पर गहरी रुचि दिखाई और आयोजन के अंत में कलाकारों से संवाद भी किया।

बांसुरी, भारतीय संगीत की प्रमुख वायु वाद्य, पंडित पन्नालाल घोष और पंडित हरिप्रसाद चौरसिया जैसे महान कलाकारों के माध्यम से विश्व प्रसिद्ध हुई। यह वाद्य शास्त्रीय, सिनेमाई और विश्व फ्यूजन संगीत में अपनी खास पहचान बनाए हुए है।
सम्मान एवं समापन
अतिथियों और कलाकारों का स्वागत विद्यालय के चेयरमैन श्री के. पी. सिंह निदेशक नवीन कुमार सिंह एवं श्री प्रवीण कुमार सिंह ने किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कुमार साव ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। स्पीक मैके के महत्व पर विद्यालय के समन्वयक दीपनारायण ने जानकारी दी।

कार्यक्रम में श्रीमती शोभा सिंह, श्रीमती स्मिता सिंह, विद्यालय के अध्यापकगण, छात्र-छात्राएं, अभिभावकगण एवं विद्यालय के समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे। संचालन आरूशी जायसवाल (कक्षा 10) एवं मदीहा खातून (कक्षा 10)ने किया।