सन्दीप् कुमार
गाजीपुर। देश की सुरक्षा के लिए भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता की गूंज अब गांव-गांव तक सुनाई देने लगी है। सैदपुर ब्लॉक के अहलादपुर गांव में इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महिलाओं ने अनोखे अंदाज़ में जश्न मनाकर अपने उत्साह और देशप्रेम का परिचय दिया।
स्थानीय भाजपा महिला मोर्चा की सक्रिय कार्यकर्ता सुचिता यादव के नेतृत्व में दर्जनों महिलाएं एकत्र हुईं और परंपरागत सिंदूर उत्सव का आयोजन किया। महिलाओं ने एक-दूसरे की मांग में सिंदूर भरकर न केवल सेना की विजय पर खुशी जताई, बल्कि इस आयोजन को नारीशक्ति के गौरव से भी जोड़ा।
इस अवसर पर महिलाओं ने कहा कि अगर आतंकवाद के पोषक अपनी हरकतों से बाज नहीं आए, तो भारतीय सेना वह सामर्थ्य रखती है कि एक दिन पाकिस्तान पर भी विजय पताका फहरा दे। महिलाओं ने विश्वास जताया कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश मजबूत हुआ है, उसी तरह हर सपना अब साकार होता दिख रहा है।
कार्यक्रम के दौरान सुचिता यादव ने कहा, “भारतीय नारी की पहचान सिर्फ ममता और त्याग नहीं, बल्कि शौर्य और पराक्रम भी है। जिस तरह पुराणों में दुर्गा, काली और चामुंडा ने दानवों का संहार किया, उसी तरह आज की नारी भी किसी से कम नहीं है। सेना की वीरांगनाएं व्योमिका सिंह और सोफिया कुरैशी इसका जीवंत उदाहरण हैं।”
कार्यक्रम में नीलमणि देवी, मुन्नी देवी, सावित्री, रिंकू देवी, बबिता और अनिता जैसी कई महिलाओं ने हिस्सा लिया और देश की रक्षा में जुटे जवानों को सलाम किया।
अहलादपुर में हुआ यह आयोजन यह दर्शाता है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि जन-जन की भावना से जुड़ा एक भावनात्मक अध्याय बन चुका है।