सेवराई (गाजीपुर)। तहसील क्षेत्र के बकेनिया गांव के पास मंगलवार की रात करीब 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आलू लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, ट्रक सड़क किनारे लगे डिवाइडर और बिजली के खंभे को तोड़ते हुए गहरे गड्ढे में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि चालक का एक पैर भी कट गया।


ट्रक पलटने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
गहमर कोतवाली प्रभारी मंदुकुमार तिवारी के अनुसार, ट्रक भदौरा से गहमर की ओर जा रहा था। बकेनिया गांव के पास अंधे मोड़ पर चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ट्रक डिवाइडर और बिजली के खंभे को तोड़ते हुए गड्ढे में पलट गया।
हादसे में बिजली का खंभा टूटने से इलाके की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई। घटना की जानकारी बिजली विभाग को दे दी गई है। वहीं, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मृतक की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

