पचोखर के श्री बापू विद्यालय में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम, सेवानिवृत्त सैनिकों ने बच्चों को दिया संदेश: “पेड़ ही जीवन का मंत्र”
जमानियां (गाजीपुर)। पौधा लगाकर फोटो खिंचवाना आसान है, लेकिन उसे वृक्ष बनाना असली जिम्मेदारी है। एक पौधे को भी बच्चे की तरह देखभाल चाहिए। यह संदेश शुक्रवार को ग्राम पंचायत पचोखर स्थित श्री बापू विद्यालय हाई स्कूल में आयोजित पर्यावरण जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम में जमानियां वन विभाग के रेंजर जय शंकर वर्मा ने विद्यार्थियों को दिया।

प्रधानाचार्य पुष्पेंद्र कुमार के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में रेंजर जय शंकर वर्मा, वन अधिकारी रविकांत और वन विभाग की टीम ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। रेंजर ने कहा कि जैसे परिवार बच्चे को जन्म से वयस्क होने तक संभालता है, वैसे ही पौधे को वृक्ष बनने तक नियमित देखभाल चाहिए। वृक्ष हमें शुद्ध हवा, फल, फूल और छाया देते हैं। उन्होंने फुल्ली से भरवलिया तक नहर किनारे लगाए गए पौधों के संरक्षण में ग्रामवासियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना भी की।
सेवानिवृत्त सैनिकों ने दिया जीवन का मंत्र
कार्यक्रम में मौजूद सेवानिवृत्त सैनिक नायब सूबेदार अशोक कुमार पाण्डेय, लेफ्टिनेंट मेजर श्याम सुंदर गुप्ता, नायब सूबेदार मैनेजर सिंह और समाजसेवी इंजीनियर पुष्कर त्रिपाठी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पेड़ केवल प्रकृति की सुंदरता नहीं, जीवन का आधार हैं, और मानव जीवन पेड़ों व प्रकृति के संतुलन पर टिका है। उन्होंने कहा कि जैसे सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, वैसे ही हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह पर्यावरण की रक्षा करे। बच्चों से कहा गया कि पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण को भी जीवन का हिस्सा बनाएं।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के वट वृक्ष की स्मृति में पौधारोपण

प्रधानाचार्य पुष्पेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को पेड़ों के महत्व और पर्यावरण संतुलन की जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक वट वृक्ष की स्मृति और प्रेरणा से एक वट वृक्ष का पौधा रोपा गया। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में यह विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा और क्षेत्रीय व राज्य स्तरीय शिक्षण संस्थान के रूप में आगे बढ़ेगा।
छात्र-छात्राओं ने उत्साह से पौधारोपण किया और पौधों की रक्षा का संकल्प लिया। आयोजकों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक व्यक्ति या विभाग की नहीं, पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर हरिशंकर, ओम प्रकाश पाल, आसिफ अंसारी, पुनीत कुमार, कमलाकर शर्मा, बृजेश, नारद जी, पंकज कुमार, प्रदीप ठाकुर, विनय राय, आदित्य पटेल, श्याम सुंदर गुप्ता, अशोक कुमार पाण्डेय, मैनेजर सिंह, कम्पोजिट विद्यालय पचोखर के प्रधानाचार्य श्री कृष्ण गुप्ता, इंजीनियर पुष्कर त्रिपाठी सहित विद्यालय के शिक्षक, वन विभाग की टीम, सेवानिवृत्त सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

