ग़ाज़ीपुर। नगसर हॉल्ट थाना क्षेत्र के खढ़वल गांव में दहेज हत्या के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका ख़ुशबू के पति सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। न्यायालय ने सभी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में ख़ुशबू के पति सचिन राजभर, ससुर रामअवध राजभर और सास दुनिया देवी शामिल हैं।नगसर हॉल्ट थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को खढ़वल स्थित आरोपियों के घर से उन्हें पकड़ा। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी फरार होने की फिराक में थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया।यह घटना बीते मंगलवार देर रात की है। 21 वर्षीय ख़ुशबू अपने ससुराल के एक कमरे में हुक के सहारे फंदे से लटकी हुई मिली थी। सूचना मिलने पर नगसर हॉल्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।मृतका के पिता संतोष राजभर, जो चंदौली जिले के निवासी हैं, ने नगसर हॉल्ट थाना में तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी ख़ुशबू को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था और उसकी हत्या की गई है।पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया और उनकी तलाश शुरू की। बृहस्पतिवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर की घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सकों ने हैंगिंग (फांसी) से मौत की पुष्टि की है।ख़ुशबू की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। वह अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी।पुलिस उपाधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई है। दहेज हत्या के आरोप में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
संवाददाता नुमान बाबर ख़ान

