गाजीपुर, 17 जुलाई। पुलिस अधीक्षक डॉं० ईरज राजा गाजीपुर ने शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी (सीओ) एवं थाना प्रभारी/थानाध्यक्षों के साथ अपराध समीक्षा बैठक और सैनिक सम्मेलन आयोजित किया।
बैठक के दौरान एसपी ने सभी थाना क्षेत्रों में घटित अपराधों की विस्तार से समीक्षा की और अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने महिला संबंधी अपराधों, टॉप-10 अपराधियों, गुंडों, माफियाओं तथा अन्य सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने, उन्हें कंट्रोल रूम से जोड़ने, पुलिस बीट प्रणाली को सुदृढ़ करने तथा जनसुनवाई प्रार्थना पत्रों, आईजीआरएस और ऑपरेशन दृष्टि/त्रिनेत्र की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
एसपी ने सभी अधिकारियों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
संवाददाता: प्रधान शिष्य अजय

