गाजीपुर। जनपद गाजीपुर के निवर्तमान पुलिस अधीक्षक आईपीएस डॉ. ईरज राजा के बलिया स्थानांतरण के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में विदाई समारोह आयोजित किया गया। डॉ. ईरज राजा को अब पुलिस अधीक्षक, जनपद बलिया के पद पर नई जिम्मेदारी मिली है।समारोह में जनपद के राजपत्रित पुलिस अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने डॉ. ईरज राजा के लगभग दो वर्ष तीन महीने के कार्यकाल को याद करते हुए उनके नेतृत्व और कार्यशैली की सराहना की।

विदाई समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. ईरज राजा ने गाजीपुर पुलिस टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कार्यकाल के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्परता, ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से भविष्य में भी इसी भावना के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक तथा विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्षों सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने डॉ. ईरज राजा को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य और बलिया में सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।डॉ. ईरज राजा के स्थानांतरण के बाद गाजीपुर जनपद में नए पुलिस अधीक्षक के रूप में आईपीएस अधिकारी विनय कुमार सिंह ने कार्यभार संभाला है।


